क्या कांग्रेस में शामिल होंगे आकाश आनंद? कांग्रेस नेता ने दिया न्यौता – कांग्रेस नेता उदित राज ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनका अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकालना इस बात का संकेत है कि बसपा अब भाजपा के नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि मायावती बिना दबाव के इतना बड़ा फैसला नहीं ले सकतीं।
गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उदित राज ने आकाश आनंद और बसपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल होने का खुला ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि बसपा का गठन एक सामाजिक आंदोलन के रूप में हुआ था, जो बाद में एक राजनीतिक दल बन गया, लेकिन अब उसका पूरी तरह से ‘भाजपाकरण’ हो चुका है।

आकाश आनंद कांग्रेस–सपा गठबंधन के पक्ष में थे
उदित राज ने कहा कि आकाश आनंद पहले ही यह मान चुके थे कि आगामी विधानसभा चुनावों में बसपा को कांग्रेस और सपा के साथ गठबंधन करना चाहिए, अन्यथा पार्टी शून्य पर सिमट जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इसी वजह से अंदर ही अंदर परेशान थी, क्योंकि उसका वोट बैंक अब कहीं और से नहीं बढ़ सकता।
बसपा भाजपा के इशारों पर चल रही है?
उन्होंने कहा कि मायावती द्वारा आकाश आनंद को दो बार संयोजक बनाना और फिर हटाना इस बात को दर्शाता है कि बसपा भाजपा के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान भी मायावती ने सपा की हार सुनिश्चित करने के लिए भाजपा को फायदा पहुंचाया।
‘बसपा अमीरों के पैसे से नहीं बनी थी’
उदित राज ने कहा कि बसपा को सत्ता कार्यकर्ताओं और सामाजिक आंदोलन से मिली थी, अमीरों के पैसे से नहीं। लेकिन अब पार्टी के नेता कांशीराम के सिद्धांतों को भूलकर कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर रहे हैं और बसपा अपने मूल विचारों से भटक चुकी है।
कांग्रेस में आने का न्योता
उन्होंने आकाश आनंद और बसपा कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर वे सच में सामाजिक न्याय और बाबा साहब अंबेडकर के विचारों पर चलना चाहते हैं, तो उन्हें कांग्रेस का हाथ थाम लेना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बसपा के वोट बैंक में भाजपा लगातार सेंध लगा रही है और अगर आकाश आनंद पार्टी में होते, तो यह भाजपा के लिए मुश्किल होता।